मऊ रेलवे हॉस्पिटल में सेवा और संवेदना का संगम, 21 रेलकर्मियों ने किया रक्तदान

सुजीत कुमार।

मऊ।रेल प्रशासन द्वारा मऊ रेलवे चिकित्सालय में मंगलवार, 4 फरवरी 2026 को आयोजित रक्तदान शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण बन गया। इस शिविर में रेलवे कर्मचारियों, यूनियन पदाधिकारियों और संगठनों ने पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भाग लेकर मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी रहे। उनके मऊ आगमन पर एन.ई. रेलवे मजदूर यूनियन मऊ शाखा के शाखा मंत्री श्री राजेश सिंह ने बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी उन्हें सौंपा गया।

शिविर की शुरुआत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण के साथ हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मऊ रेलवे चिकित्सालय के डॉ. पुनीत राव एवं यूनियन शाखा मंत्री श्री राजेश सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रक्तदान शिविर में एन.ई. रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री श्री राजेश सिंह, कोषाध्यक्ष श्री बी.के. पाण्डेय, मेंस कांग्रेस के साथी तथा बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कुल 21 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान दिया। जिला चिकित्सालय मऊ के ब्लड बैंक के मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमंत शर्मा की देखरेख में शिविर पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। शिविर के दौरान रेलवे चिकित्सालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और सेवा भाव का माहौल बना रहा।

आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है और इस तरह के शिविर समाज में सकारात्मक सोच, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button