न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता सम्पन्न

सुल्तानपुर न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुई। यह प्रतियोगिता कम्पोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर के दाता करीम शाह धूनी मेला मैदान में आयोजित की गई।
प्रतियोगिता खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव के निर्देश पर न्याय पंचायत प्रभारी रामधर यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रधानाध्यापक अशोक कुमार दूबे ने की।
प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें कम्पोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर के बच्चों का जलवा रहा। प्राथमिक बालक वर्ग की 50, 100 और 200 मीटर दौड़ में कर्मवीर व अनुज (इसौली) तथा बालिका वर्ग में लक्ष्मी कुमारी (लोहिरिया) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं उच्च प्राथमिक बालक वर्ग में अमित कुमार और कर्मवीर तथा बालिका वर्ग में सोनल और मोहनी कंपोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर अव्वल रहीं।
टीम स्पर्धाओं में उच्च प्राथमिक बालक वर्ग कबड्डी और बालिका वर्ग खो-खो में कम्पोजिट विद्यालय भवानी शिवपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालक वर्ग खो-खो तथा कबड्डी बालिका वर्ग में अरवल ने बाजी मारी। अंत में सभी विजेता बच्चों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर संतभुआल, आनंद, शिवाकांत मिश्रा, गुडलक सिंह, राजदेव यादव, राम मूर्ति गुप्ता, दीपिका यादव, दिनेश सहित अधिक संख्या में बच्चे, शिक्षक गण व अभिभावक मौजूद रहे।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने कहा कि “बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। खेल से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। न्याय पंचायत स्तर पर बच्चों का यह प्रदर्शन सराहनीय है, जो ब्लॉक और जनपद स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।”



