नपं अध्यक्ष ममता जायसवाल ने मुख्यमंत्री से की भेंट, सौंपा नगर के विकास का खाका

ऊँचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत की अध्यक्ष ममता जायसवाल ने शुक्रवार की देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। लखनऊ में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने ऊंचाहार नगर के विकास का एक खाका मुख्यमंत्री को सौंपा है , जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक सहमति जताई है।
शुक्रवार की देर शाम को रायबरेली जनपद के सभी निकायों के प्रमुखों के एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। जिसमें ऊंचाहार नगर पंचायत अध्यक्ष भी शामिल थी। अध्यक्ष के प्रतिनिधि कृष्ण चंद जायसवाल ने बताया कि इस विशेष भेंट के दौरान ऊंचाहार नगर के विकास को लेकर एक मांगपत्र मुख्यमंत्री को सौंपा गया है। जिसमें नगर में सड़क मार्ग , नाली निर्माण , जलाशयों के सौंदर्यीकरण और आम लोगों की सहूलियतों से जुड़े कार्य शामिल है । उन्होंने बताया कि करीब दो करोड़ रुपए के विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से मांग की गई है । जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई है ।
उम्मीद की जा रही है कि इस मांग पत्र पर प्रदेश शासन की ओर से जल्द ही कार्रवाई शुरू होगी । इन कार्यों की मंजूरी मिलने के बाद नगर के लोगों की विभिन्न समस्याओं का समाधान होगा और नगर का कायाकल्प भी होगा । उन्होंने कहा कि ऊंचाहार नगर के विकास के लिए वह लातातर प्रयास कर रहे है , उनकी कोशिश है कि नगर को विकसित करके एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में स्थापित किया जाए। अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बताया कि ऊंचाहार के लोगों की भलाई के लिए वह लगातार संघर्षशील है।
——————————-
तकनीकी खामी के कारण एनटीपीसी में 210 मेगावाट की एक यूनिट बंद
ऊँचाहार, रायबरेली। तकनीकी खराबी के चलते एनटीपीसी की ऊंचाहार परियोजना में 210 मेगावाट क्षमता की एक यूनिट को बंद कर दिया गया है। जिसके कारण ऊंचाहार परियोजना का विद्युत उत्पादन घट कर 1340 मेगावाट रह गया है।
बताया जाता है कि एनटीपीसी की यूनिट संख्या चार में तकनीकी खराबी थी। इस खराबी के चलते शनिवार की प्रात करीब साढे पांच बजे इस यूनिट को बंद कर दिया गया है। इस यूनिट की उत्पादन क्षमता 210 मेगावाट है।यूनिट के बंद होने के बाद अधिकारियों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और उसके बाद खराबी को दुरुस्त करने का काम शुरू हुआ है। बताया जा रहा है कि जल्द ही इस यूनिट की खराबी को ठीक करके पुनः चालू कर दिया जाएगा। इस बारे में एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी ऋषभ शर्मा से संपर्क किया गया, किंतु मोबाइल फोन की तकनीकी सेवाएं बाधित होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया।



