वेतन कटौती से संविदा कर्मी हुए नाराज, विद्युत एसडीओ के समझाने पर दूर हुई नाराजगी

जसवंतनगर,इटावा। राजमार्ग की सर्विस रोड स्थित बिजलीघर में कार्यरत संविदा कर्मियों ने वेतन में 10 दिन की कटौती किए जाने पर सोमवार को नाराजगी जताई। कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर एसडीओ राजेश कुमार से वार्ता करने पहुंचे। कर्मचारियों का कहना था कि वे लगातार विभागीय कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं, इसके बावजूद उनके वेतन में 10 दिन की कटौती की गई है।

वार्ता के दौरान एसडीओ ने कहा कि क्षेत्र में राजस्व वसूली अपेक्षित मानक के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कर्मचारियों से छोटे बकायेदारों के साथ ही बड़े बकायेदारों पर भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि राजस्व वसूली में सुधार होने के बाद वेतन में की गई कटौती की भरपाई कर दी जाएगी।

एसडीओ के आश्वासन के बाद संविदा कर्मियों ने सहमति जताई और अपनी मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

हालांकि,एसडीओ राजेश कुमार ने धरना-प्रदर्शन की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ बैठक हुई थी। कर्मचारियों की कुछ समस्याएं थीं, जिन पर वार्ता कर समाधान किया गया है। कर्मचारियों के साथ बैठक कर समस्याओं पर चर्चा करना विभागीय प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है और यह समय-समय पर होती रहती है।

Related Articles

Back to top button