कोरम के अभाव में टली पालिका बोर्ड बैठक

बजट पर नहीं हो सकी कोई चर्चा

जसवंतनगर,इटावा। नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव की मौजूदगी में आयोजित हुई, लेकिन पर्याप्त संख्या में सभासदों के उपस्थित न होने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी। कोरम पूरा न होने से बजट सहित विभिन्न विकास प्रस्तावों पर कोई चर्चा नहीं हो सकी।

नगर पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण शंखवार ने बताया कि बैठक के लिए सभी 25 सभासदों को पूर्व निर्धारित एजेंडा भेजा गया था, लेकिन बैठक में केवल 14 सभासद ही पहुंचे। निर्धारित संख्या पूरी न होने के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ाई जा सकी। उन्होंने कहा कि अब आगामी 25 मई को पुनः बोर्ड बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें बजट और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।

पालिका अध्यक्ष ने सभी सभासदों से अगली बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी सभासद को किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वह खुलकर अपनी बात रखें, ताकि उसका समाधान किया जा सके।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। कई सभासदों ने पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी श्याम वचन सरोज पर मनमानी तथा भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने के आरोप लगाए थे। सभासदों का कहना था कि उनके वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है और मूलभूत सुविधाओं के वितरण में भी असमानता बरती जा रही है। इन आरोपों को लेकर सभासदों ने नगर पालिका परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया था।

ऐसे माहौल में विधायक की मौजूदगी के बावजूद कई सभासदों का बैठक में न पहुंचना नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक गलियारों में इसे अंदरूनी असंतोष और बढ़ते मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है। बैठक स्थगित होने के बाद अब नगरवासियों और सभासदों की नजरें 25 मई को होने वाली अगली बोर्ड बैठक पर टिकी हैं, जहां बजट और विकास कार्यों को लेकर अहम फैसले होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बैठक बहिष्कार करने वाले सभासद

राजीव यादव,प्रमोद कुमार, कमल प्रकाश,इरफ़ान, संजय कुमार,संजीव यादव, अंकित कुमार,देवेन्द्र यादव, सोनी शाक्य,धमला देवी, मंजू देवी,रुचि शर्मा,गीता यादव आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button