राजनगर रामलीला में जटायु वध से लेकर शबरी-हनुमान मिलन तक प्रसंगों का मंचन

गाजियाबाद। श्री रामलीला समिति राजनगर द्वारा चल रहे भव्य रामलीला मंचन में रविवार को वनवास काल के प्रमुख प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया। मंचन में घायल जटायु द्वारा माता सीता की खबर देना, श्रीराम का शबरी के झूठे बेर खाना, हनुमान जी की प्रभु राम से भेंट, सुग्रीव से मित्रता तथा बाली वध जैसे प्रसंगों को दर्शकों के सामने प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया।
राम-लक्ष्मण जब सीता की खोज में वन में भटक रहे होते हैं, तभी उन्हें घायल जटायु मिलता है। जटायु माता सीता की जानकारी देने के बाद प्रभु राम के हाथों मोक्ष को प्राप्त होता है। इसके उपरांत श्रीराम शबरी की कुटिया पहुँचते हैं जहाँ शबरी अपने प्रेम और भक्ति से प्रभु को बेर खिलाती है। भावपूर्ण दृश्य ने दर्शकों की आँखें नम कर दीं। आगे चलकर राम और हनुमान की भेंट तथा सुग्रीव से मैत्री के बाद बाली वध और सुग्रीव के राज्याभिषेक का भी मंचन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अजीत पाल त्यागी, विशिष्ट अतिथि पार्षद अजय शर्मा, सेंट जेवियर स्कूल की प्रबंधक श्रीमती विभा रावत, मीडिया 24×7 से विपिन बालियान व नितिन बालियान सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विशेष रूप से सांसद मीसा भारती अपने पति शैलेन्द्र के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक जितेन्द्र यादव व नरेश सिंघल, अध्यक्ष जयकुमार गुप्ता, महामंत्री दीपक मित्तल सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



