लोनी में कीटनाशक इकाइयों और राजकीय बीज गोदाम का निरीक्षण, बीज बुकिंग में धीमी प्रगति पर प्रभारी को चेतावनी
उप कृषि निदेशक ने एसओपी के पालन और सुरक्षित भंडारण के दिए निर्देश, दो दिन में शत-प्रतिशत बीज बुकिंग का लक्ष्य पूरा करने को कहा

गाजियाबाद। शासन एवं कृषि विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुपालन की समीक्षा के लिए उप कृषि निदेशक, गाजियाबाद ने लोनी क्षेत्र में संचालित कीटनाशी उत्पादन इकाइयों और राजकीय बीज गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कीटनाशी इकाइयों में सुरक्षित भंडारण और आवश्यक अभिलेखों के रखरखाव के निर्देश दिए गए। वहीं, बीज बुकिंग की धीमी प्रगति पर गोदाम प्रभारी को कठोर चेतावनी दी गई।
उप कृषि निदेशक ने लोनी के रूप नगर स्थित मैसर्स कोणार्क इंटरनेशनल तथा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स ट्रॉपिकल एग्रो का निरीक्षण किया। इस दौरान फर्म प्रतिनिधियों को विभागीय एसओपी के प्रावधानों की जानकारी देते हुए निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने इकाइयों में कीटनाशियों के सुरक्षित भंडारण, जरूरी अभिलेखों एवं दस्तावेजों की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इसके बाद उप कृषि निदेशक ने कृषि रक्षा इकाई, लोनी स्थित राजकीय बीज गोदाम का निरीक्षण किया। यहां बीजों की उपलब्धता, किसानों की बुकिंग तथा बीज एवं जैव कीटनाशी रसायनों के वितरण की स्थिति का जायजा लिया गया।
बीज बुकिंग की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान सामने आया कि निरीक्षण के दिन गोदाम में केवल पांच किसानों की बीज बुकिंग हुई थी। बुकिंग की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर बीज भंडार प्रभारी चंद्र प्रकाश को कठोर चेतावनी दी गई। उप कृषि निदेशक ने निर्देश दिए कि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए बुकिंग प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और विभागीय लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए।
पीओएस मशीन से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
बीज भंडार प्रभारी चंद्र प्रकाश और प्राविधिक सहायक वर्ग-2 डार्विन पाल को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक में उपलब्ध सभी बीजों एवं जैव कीटनाशी रसायनों का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से शीघ्र सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही गोदाम और ब्लॉक परिसर में बीजों की उपलब्धता तथा अनुमन्य अनुदान से संबंधित जानकारी के बैनर प्रमुख स्थानों पर लगाने को कहा गया, ताकि किसानों को योजनाओं और कृषि निवेशों की जानकारी आसानी से मिल सके।
उप कृषि निदेशक ने संबंधित कर्मचारियों को आवंटित लक्ष्य के अनुसार अगले दो दिनों में शत-प्रतिशत बीज बुकिंग पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को बीज एवं अन्य कृषि निवेशों की उपलब्धता की जानकारी समय से दी जाए और वितरण प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न होने पाए, जिससे किसानों को खेती के लिए जरूरी सामग्री समय पर उपलब्ध हो सके।



