नाराज पति ने रची नहर में डूबने की झूटी कहानी
झाड़ियों में छिपे बैठे पति को पुलिस ने खोज निकाला

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मलाजनी निवासी 30 वर्षीय युवक पत्नी से नाराज होकर घर से निकल गया और भतोरा गांव के पास भोगनीपुर गंग नहर पुल पर अपनी मोटरसाइकिल, कपड़े और चप्पल छोड़कर डूबने का आभास पैदा करा दिया। सूचना मिलते ही घटना की संवेदशीलता को समझ तत्काल थानाध्यक्ष कमल भाटी,उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी,उपनिरीक्षक हेमंत कुमार उपनिरीक्षक शुभम वर्मा पुलिस बल का साथ मौके पर पहुंचे।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने घटना से संबंधित जानकारी कर एक टीम नहर में खोजने को लगा दी और शंका के आधार एक टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान शुरू करा दिया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक खेतों के बीच झाड़ियों में छिपा हुआ सकुशल मिल गया।पूछताछ में पता चला कि युवक अखिलेश कुमार 30 पुत्र स्वर्गीय सर्वेश पाल पत्नी कृष्णा से नाराज होकर घर से निकला था।
उसने नहर में कूदने का भ्रम पैदा करने के लिए पुल पर अपनी बाइक, कपड़े और चप्पल छोड़ दिए थे, जबकि स्वयं खेतों की झाड़ियों में जाकर छिप गया।पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर शांत किया और उसकी काउंसलिंग करने के बाद सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक संभावित अनहोनी टल गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।



