दिवाली पर स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
जिला अस्पताल में बर्न यूनिट हुई तैयार

इटावा। इटावा में दिवाली के त्यौहार को देखते हुए इटावा का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.बीके सिंह ने कहा कि जनपद में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जिला अस्पताल में बर्न यूनिट पूरी तरह से तैयार है और किसी भी तरह की दुर्घटना की स्थिति में तुरंत उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि सभी सर्जन अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहेंगे ताकि पटाखों से होने वाली किसी भी दुर्घटना में मरीजों को तुरंत सहायता मिल सके। सीएमओ डॉ. बीके सिंह ने जिलेवासियों से अपील की कि दिवाली के दौरान तेज आवाज़ और प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों का इस्तेमाल कम करें। उन्होंने कहा कि अत्यधिक तेज आवाज और चमकदार पटाखे आंखों और कानों के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चे जब पटाखे जलाएं तो उनकी निगरानी अवश्य करें और पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए त्यौहार की खुशियों में सतर्कता को न भूलें। सीएमओ ने बताया कि जनपद के सभी आठ सीएचसी और पीएचसी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान की जाए।
सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चौबीसों घंटे चालू रहेंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें दिवाली की रात विशेष निगरानी में रहेंगी ताकि किसी भी प्रकार की घटना पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। डॉ.बी.के. सिंह ने बताया कि दिवाली के दौरान अस्थमा और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने सलाह दी कि ऐसे मरीज पटाखों के धुएं से बचने के लिए मास्क का प्रयोग करें और साफ वातावरण में रहें।
हार्ट के मरीजों को भी सलाह दी गई है कि जहां तेज आवाज वाले पटाखे चल रहे हों,वहां जाने से बचें और अपने कमरों के दरवाजे बंद रखकर आराम करें। उन्होंने कहा कि हृदय रोगियों को अपनी दवाएं समय पर लेनी चाहिए और अधिक शोर-शराबे से दूर रहना चाहिए।
डॉ. सिंह ने बताया कि आंखों के मरीजों को भी दिवाली के दौरान विशेष ध्यान रखना चाहिए। जिन लोगों को आंखों में पहले से कोई तकलीफ है, वे धुएं और कार्बन वाले इलाकों से दूर रहें।
उन्होंने कहा कि रात में ठंडे पानी से आंखें धोना और आई ड्रॉप का उपयोग करना आंखों की सुरक्षा के लिए लाभकारी रहेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद में कोई भी व्यक्ति चिकित्सा सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि “हमारी पूरी मेडिकल टीम दिवाली की रात चौबीसों घंटे सतर्क रहेगी। जिला अस्पताल सहित सभी केंद्रों पर डॉक्टरों की टीम पूरी तत्परता के साथ तैनात है। हमारी अपील है कि सभी लोग सावधानी और सुरक्षा के साथ त्योहार मनाएं ताकि दिवाली खुशियों और स्वास्थ्य के साथ बीते। जिला अस्पताल की बर्न यूनिट और सभी अस्पतालों की इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय हैं। सभी डॉक्टरों को तैनात कर दिया गया है। हम जनता से यही अपील करते हैं कि त्योहार खुशी और सुरक्षा के साथ मनाएं,लापरवाही न करें।



