Hardoi News: डिलीवरी के लिए गई प्रसूता को स्टॉफ नर्स ने भगाया

दो मंजिल से नीचे उतरी महिला गेट पर गिरी, डॉक्टर की सूझबूझ से बची जच्चा -बच्चा की जान

स्टार एक्सप्रेस / संवाददाता

हरदोई। सांडी सीएचसी से गर्भवती महिला को नर्स ने भगा दिया। जिससे वह तड़पने लगी और बाहर जाकर गिर गई। जिसकी भनक लगने पर डॉक्टर ने महिला को लेबर रूम में भर्ती कराया। जहां प्रसव कराकर जच्चा -बच्चा की जान बचाई जा सकी है।

बताया गया कि सांडी कस्बे के नवाबगंज निवासी शाह आलम की पत्नी नगीना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। जिसे वह सुबह 5 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गया। आरोप है कि जहां तैनात स्टाफ नर्स गरिमा ने महिला को भगा दिया। दर्द से कराह रही महिला दो मंजिल से नीचे उतरी तो गेट पर जा गिरी। जहां पर वह तड़पने लगी और उसका पति शाह आलम इधर उधर भागने लगा। जिसकी भनक डॉक्टर गौरव अग्रवाल को लगी तो उन्होंने आनन -फानन में महिला को लेबर रूम में भर्ती कराया। जहां कुछ देर बाद महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई। डॉक्टर की सूझबूझ से जच्चा बच्चा की जान बचाई जा सकी है।

उसके पति समेत परिवार में महिला के साथ किए गए बर्ताव से आक्रोश व्याप्त है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों से अभद्रता का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले शाहाबाद में डिलीवरी कराने आई प्रसूता के पति को वार्ड ब्यॉय ने बेल्टों से पीटा था। जोकि खासा चर्चा में बना है, फिलहाल इस तरह की हरकतों से आम जनमानस में रोष व्याप्त है। डॉक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि महिला के परिजन उसे ले जा रहे थे। जिसे उन्होंने रोका और उसका सकुशल प्रसव कराया है, जिसमें जच्चा -बच्चा दोनों स्वस्थ है।

Related Articles

Back to top button