किराने की दुकान में चोरी, 60 हज़ार रुपये की नगदी सहित लाखों का माल पार

ऊँचाहार, रायबरेली। तहसील क्षेत्र के उमरन बाजार में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बाजार स्थित एक किराना दुकान में चोरों ने नकब लगाई है, और नकदी समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।
ऊँचाहार कोतवाली के ग्राम धनेही निवासी विवेक कुमार जायसवाल की किराना की दुकान उमरन बाजार में स्थित है। शुक्रवार रात अज्ञात चोर दुकान के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने दरवाजे की कुंडी खोलकर भीतर प्रवेश किया तथा अंदर बने दूसरे दरवाजे को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोर दुकान में रखे लगभग 60 हजार रुपये नकद के अलावा कैप्टन, गोल्ड फ्लेक, मूवमेंट सिगरेट, राजश्री, कमला पसंद, सिग्नेचर तंबाकू सहित करीब दो लाख रुपये मूल्य का सामान उठा ले गए। सुबह दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था और गश्त को और प्रभावी बनाए जाने की आवश्यकता है। पीड़ित ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस बाबत कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि तहरीर लेकर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
—————————————
संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी लापता
ऊँचाहार, रायबरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है, तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रायपुर इंदारा गाँव की रहने वाली शिखा पाल ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बहन अंजली रविवार की सुबह शौचक्रिया के लिए खेत गई हुई थी, जहां से वापस लौटकर नहीं आयी और काफी खोजबीन के बाद भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
इस बाबत प्रभारी कोतवाल संजय कुमार शर्मा ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।



