हर घर तिरंगा अभियान में होंगे भव्य आयोजन
डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, तिरंगा रैलियों में उमड़ेगा जनसैलाब

गाजियाबाद। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को जनपद में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। डीएम ने अधिकारियों को कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य सचिव के दिशा-निदेर्शों के क्रम में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अभियान के तहत जिले में बड़े स्तर पर तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। इनमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, सशस्त्र बलों के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तिरंगा लेकर शामिल होंगे।
रैलियों की शुरूआत सामूहिक वंदे मातरम गायन से होगी। डीएम ने रैली के मार्ग, प्रतिभागियों के पंजीकरण, सत्यापन, सुरक्षा और अनुशासन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, एडीएम वित्त एवं राजस्व अंजनी कुमार सिंह, सभी एसडीएम, अपर नगरायुक्त जंग बहादुर यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, बीएसए ओपी यादव, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान
अभियान के दौरान विभिन्न युद्धों में शहीद हुए जनपद के सैनिकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों में तिरंगा गान, देशभक्ति गीत, सामूहिक वंदे मातरम गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।
घर-घर फहराया जाएगा तिरंगा
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक घर, कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम और अन्य संस्थानों तक पर्याप्त संख्या में तिरंगे उपलब्ध कराए जाएं। इनके वितरण की जिम्मेदारी नगर निगम, खंड विकास अधिकारियों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को सौंपी गई है।
सार्वजनिक स्थलों पर दिखेगी तिरंगे की छटा
जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, सार्वजनिक उद्यानों सहित अन्य स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सरकारी भवनों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण कराया जाएगा। विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को परिसर की दीवारों पर तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र और वंदे मातरम के अंश अंकित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी चलेगा अभियान
हर घर तिरंगा अभियान का जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की वेबसाइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों और आमजन को सेल्फी विद तिरंगा अभियान में भाग लेने तथा अपनी तस्वीरें हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।



