हृदय रोगियों के लिए खुशखबरी, मऊ में शुरू हुई विशेषज्ञ सेवा

सुजीत कुमार मऊ

मऊ जिले के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब हृदय रोग और कान-नाक-गला (ईएनटी) से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बाहर के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। ब्रह्मस्थान स्थित प्रकाश हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर में अब बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टर रोजाना अपनी सेवाएं देंगे। प्रकाश ग्रुप के चेयरमैन मनीष राय ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि उनका उद्देश्य मऊ और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय पर सही इलाज मिले, इसी सोच के तहत बीएचयू के अनुभवी डॉक्टरों की सेवाएं यहां शुरू की गई हैं।

हॉस्पिटल में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विश्वजीत सिंह अब प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगे। डॉ. सिंह ने एमबीबीएस, एमडी और डीएम की पढ़ाई बीएचयू से की है और उन्हें हृदय रोगों के इलाज का लंबा अनुभव है। उनके आने से मऊ और आसपास के जिलों के हृदय रोगियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब मरीजों को जांच और इलाज के लिए वाराणसी या लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा।

प्रकाश हॉस्पिटल में हार्ट मरीजों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां 2डी इको जैसी जांच, एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और जरूरत पड़ने पर पेसमेकर लगाने की सुविधा भी मौजूद है। इससे समय पर बीमारी का पता चल सकेगा और सही इलाज मिल पाएगा। हृदय रोग से पीड़ित मरीजों के लिए यह सुविधा जीवन रक्षक साबित हो सकती है।

इसके साथ ही कान, नाक और गले से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए भी विशेषज्ञ सेवा शुरू की गई है। ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. वैष्णवी राय (एमबीबीएस, एमएस) अब प्रकाश हॉस्पिटल में मरीजों का नियमित रूप से इलाज करेंगी। उनके माध्यम से कान का बहना, सुनने में दिक्कत, मुंह में छाले, टॉन्सिल और गले से जुड़ी समस्याओं का इलाज आसानी से किया जा सकेगा। इससे खासकर बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीण इलाकों के मरीजों को काफी राहत मिलेगी। कुल मिलाकर प्रकाश हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर में हृदय और ईएनटी विशेषज्ञों की रोजाना उपलब्धता मऊ जिले के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। इससे न सिर्फ इलाज आसान होगा, बल्कि लोगों का समय और पैसा भी बचेगा।

Related Articles

Back to top button