सरकार ने देश की जनता को लाइन में लगाया: शिवपाल यादव
सपा राष्ट्रीय महासचिव ने टी स्टॉल पर चाय की चुस्कियों के बीच जनता से की परिचर्चा

जसवंतनगर में शनिवार की शाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व केबिनेट मंत्री व जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव बस स्टैंड चौराहा पर स्थित एक टी स्टॉल पर अचानक अपने काफिले के साथ रुके और दुकानदार से चाय पिलाने को कहा।
क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह की नगर में मौजूदगी की खबर सुनकर सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उक्त टी स्टॉल पर पहुंच गए।अचानक अपनी दुकान पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक श्री यादव को देखकर चाय विक्रेता सतीश प्रफुल्लित दिखे और सभी को चाय पिलाई।
यादव ने चाय विक्रेता से चाय का धंधा कैसे चल रहा है पूछा तो उसने सिलेंडर न मिलने की समस्या बताई जिस पर विधायक ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक चाय बेचने वाले ने देश की जनता को लाइन में लगा दिया,कभी नोटबंदी फिर करोना वैक्सीन की लाइन और अब रसोई गैस सिलेंडर की लाइन में लगा दिया।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों से भी सिलेंडर उपलब्धता के बारे में जानकारी की तो अधिकतर राहगीरों ने लाइन में लगने और सिलेंडर न मिलने की समस्या बताई इस पर वहां मौजूद लोगों से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कहा के झूठे वादे कर भाजपा वाले सत्ता में आए हैं इन्होंने देश की जनता को लाइन में लगा दिया आपको याद होगा बैंकों में सभी लाइन में लगे थे,किसान खाद लेने के लिए लाइन में लगे और अब महिलाएं पुरुष खाना बनाने के लिए प्रयोग में आने वाले रसोई गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे हुए हैं, युवा रोजगार से वंचित हैं बीजेपी वालों ने सभी को लाइन में लगा दिया।
यादव ने सभी से कहा कि अब समय आ गया है सभी लोग जिम्मेदारी के साथ इनको सत्ता से हटाए। इस दौरान सपा कन्नौज जिला प्रभारी अनिल प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि अनुज मोंटी यादव,ठा.अजेंद्र सिंह गौर,नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता,ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह यादव, सुनील,मुकेश,आशीष,चंद्र मोहन यादव,बिल्लू यादव, सुरेश यादव,गोपाल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



