विभिन्न हादसों में चार लोग घायल

बाइक फिसलने से युवक घायल

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक फिसलने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पहला हादसा खेड़ा धौलपुर गांव के पास हुआ। यहां बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई,जिससे बाइक सवार 30 वर्षीय अजेंद्र,30 वर्षीय सौरव कुमार निवासी ग्राम खेड़ा धौलपुर तथा 40 वर्षीय ब्रजेश कुमार निवासी यादव नगर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

दूसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक बैंक के सामने हुई। दुर्गापुरा निवासी 20 वर्षीय अतुल कुमार पुत्र सुधीर कुमार जीएनएम प्रशिक्षण के लिए जिला अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक फिसल गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।पुलिस ने घटनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button