वाहन की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हुए एक बुजुर्ग की सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को नगर के मोहल्ला अहीर टोला के रहने वाले बृजमोहन सिंह पुत्र मेहताब सिंह उम्र करीब 68 वर्ष अपने खेतों को देखकर वापस अपने घर लौट रहे थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग की आगरा से इटावा जाने वाली सड़क की सर्विस रोड पर शंकर धर्म कांटा के सामने बृजमोहन को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बृजमोहन को एंबुलेंस के द्वारा इलाज हेतु सैफई पीजीआई ले जाया गया। जहाँ देर रात इलाज के दौरान बृजमोहन सिंह की मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक अपने पीछे पत्नी कांति देवी,दो पुत्र सोनू व दिलीप और तीन पुत्रिया,रेनू,प्रीति,प्रियंका को छोड़ गया है। मृतक के सबसे छोटे बेटे दिलीप को छोड़कर सभी बच्चे ग्रहस्थ हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पुलिस घटना कारित करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।



