कुर्सी छोड़ दिव्यांग महिला की कोतवाल ने सुनी शिकायत

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान एक मानवीय पहल देखने को मिली। ट्राईसाइकिल से अपनी फरियाद लेकर पहुंची दिव्यांग महिला ने प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह से मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने और नई ट्राईसाइकिल दिलाने की गुहार लगाई।
महिला की समस्या सुनते ही प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह अपनी कुर्सी छोड़कर स्वयं उसके पास पहुंचे और उसकी पूरी बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने तत्काल एक पुलिसकर्मी के साथ वाहन से महिला को जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था कराई, ताकि उसका मेडिकल प्रमाणपत्र बन सके। साथ ही नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक की संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित सहायता की पहल को समाधान दिवस में मौजूद लोगों ने सराहा।
इसके अलावा समाधान दिवस के दौरान असफपुर गांव के देवेंद्र सिंह ने कंधेसी पचार गांव में स्थित खेत से कब्जा हटवाने,टड़ा गांव के राहुल ने चकरोड खुलवाए जाने,मोतीगंज निवासी प्रशांत अवस्थी ने विपक्षियों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने, मोहल्ला गांधी नगर के राजेंद्र ने आवासीय प्लाट पर कब्जा हटाए जाने और नगला छोला की कुमकुम पत्नी स्व.दिनेश कुमार ने विपक्षियों के खिलाफ खेत पर कब्जा करने को लेकर शिकायती पत्र दिए। समाधान दिवस के दौरान एसआई इंदु हसन आदि पुलिस व राजस्वकर्मी मौजूद रहे।



