ओपन स्टेट ताइक्वांडो में अमीना अकादमी का रहा दबदबा

21 खिलाड़ियों ने 7 स्वर्ण समेत 20 पदक जीतकर बढ़ाया सुलतानपुर का मान

संवाददाता सुल्तानपुर

सुलतानपुर। ताज नगरी आगरा के जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप प्रतियोगिता में अमीना ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुलतानपुर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में अकादमी के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और अनुशासन का बेहतरीन परिचय दिया।

प्रतियोगिता में अमीना ताइक्वांडो अकादमी के कुल 21खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें 6 खिलाड़ियों ने ऑफिशियल वर्ग तथा 15 खिलाड़ियों ने फ्रेशर ग्रुप में भाग लिया।ऑफिशियल वर्ग में सब-जूनियर महिला वर्ग में अमीना अकादमी की खिलाड़ी ने लखनऊ की समीक्षा गौतम को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अनुकल्प सिंह यादव ने आगरा के अर्नव गुप्ता को हराकर रजत पदक हासिल किया। सब-जूनियर वर्ग में सत्यांश आर. श्रीवास्तव ने आगरा के यानिक को पराजित कर कांस्य पदक जीता। इसके अलावा मोहम्मद अल्ताफ खान और प्रियांशु तिवारी ने भी कांस्य पदक प्राप्त किया।

फ्रेशर वर्ग के 15 खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इस वर्ग में उमर अहमद शाह, विराट गौतम, तेजस्विनी गौतम, आंचल यादव, उस्मान अहमद शाह और दिव्यांशु गौतम ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं परिनिष्ठता चौरसिया, अनुज शुक्ला, अक्षांश यादव, आयुषी सिंह और माही गौतम ने रजत पदक हासिल किए। जबकि आराध्या, प्रज्वल, शालिनी और हर्ष गौतम ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

इस प्रकार अमीना ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 7 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर अपने ताइक्वांडो प्रशिक्षक अमीना बानो के साथ-साथ पूरे जनपद सुलतानपुर का मान और सम्मान बढ़ाया।अकादमी की प्रशिक्षक अमीना बानो ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अकादमी का लक्ष्य खिलाड़ियों को राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार करना है।

खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और अभिभावकों के साथ ही अमीना ताइक्वांडो अकादमी के अध्यक्ष शिवकुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. सुधाकर सिंह एवं कोषाध्यक्ष एडवोकेट मदन सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button