मऊ में आजमगढ़ मंडल का PDA व्यापारी सम्मेलन संपन्न

सुजीत कुमार मऊ

मऊ। समाजवादी व्यापार सभा के नेतृत्व में रविवार को मऊ के नगरपालिका कम्युनिटी हाल में आजमगढ़ मंडल का PDA व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मऊ, आजमगढ़ और बलिया जिलों से बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी और समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया मौजूद रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता सपा के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने की और संचालन जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी तथा व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से किया। पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता ने स्वागत अध्यक्ष की भूमिका निभाई।

व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ हैं। मध्यम और लघु व्यापारियों ने हमेशा रोजगार देने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है। हालांकि, आज वही व्यापारी तमाम समस्याओं से घिरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बाजार में घटती खरीद क्षमता, ऑनलाइन कारोबार से मिल रही कड़ी चुनौती, जीएसटी की समस्यायें, अधिकारियों की बेवजह जांच और बढ़ता व्यावसायिक खर्च व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। छोटे व्यापारियों को ऐसा माहौल मिलना चाहिए जहां वे बिना किसी डर या दबाव के अपना काम कर सकें। प्रदीप जायसवाल ने भरोसा दिया कि समाजवादी व्यापार सभा इन मुद्दों को सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि सड़क से लेकर सदन तक व्यापारियों के हक की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने PDA की विचारधारा के तहत सभी व्यापारियों से एकजुट होने की अपील की।

हर जिले में पहुंच रहा संगठन

विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय चौरसिया ने कहा कि संगठन प्रदेश के हर जिले में जाकर व्यापारियों की समस्याओं को समझ रहा है। व्यापारियों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर कारोबारी माहौल दिलाना उनकी प्राथमिकता है। सम्मेलन को प्रदेश सचिव मनीष गुप्ता, राजेश गुप्ता, अभिषेक मद्धेशिया, बनारसी वर्मा, बलिया जिलाध्यक्ष उमेश सर्राफ और आजमगढ़ जिलाध्यक्ष संदीप रजत सेठ ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजक अभिषेक मद्धेशिया ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, घोसी सांसद राजीव राय और दूर-दराज से आए सभी व्यापारियों व कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button