ओवरब्रिज बम्बा मार्ग पर प्रतिदिन जाम राहगीर परेशान
भरथना-बकेवर मार्ग पर जाम में घंटों फसे रहते छात्रों से भरे वाहन

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा क्षेत्र में ओवरब्रिज पाली बम्बा मार्ग और भरथना-बकेवर मार्ग की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। रेलवे ट्रैक पर ओवरब्रिज बनने के बावजूद जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। बल्कि समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह और शाम प्रतिदिन स्कूली छात्रों से भरे वाहन समेत आम यात्रियों के वाहन घंटों उक्त जाम में फंसे रहते हैं।
उक्त मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन मार्ग बेहद संकरा होने के कारण समस्या दुख दाई बनी हुई है। इसके अलावा मार्ग पर दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ पर बहार समान रख कर अतिक्रमण राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
सबसे अधिक जाम की समस्या से स्कूल जाते और स्कूल छुट्टी के लौटते समय स्कूल बसों को निकलने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। कई स्कूल के छोटे-छोटे छात्रों से भरी बसें 4 से अधिक समय तक के जाम में फंसी रहती हैं,जिसके कारण भूखे प्यासे छोटे-छोटे छात्र जाम के झाम में फसे रहते हैं। जिसके कारण छात्रों के माता पिता और अभिभावक भी चिंतित बने रहते हैं।
कस्बा के तमाम छात्र छात्राओं के माता पिता और अभिभावक समेत अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों ने जिलाधिकारी से उक्त मार्गों पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाए जाने की पुरजोर मांग की है।



