लखनऊ के आशियाना में जरूरतमंदों को बांटे कंबल
विधायक राजेश्वर सिंह के निर्देश पर चौराहों पर अलाव जलाए

लखनऊ। आशियाना पावर हाउस चौराहे पर सरोजनी नगर विधानसभा के विधायक राजेश्वर सिंह के आदेश एवं दिशा-निर्देश के क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नागरिक प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक मुकेश बाजपेई द्वारा भीषण हाड़ कंपा देने वाली ठंड में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। इस मानवीय पहल से ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
इसी क्रम में विद्यावती द्वितीय वार्ड के पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी ने भी विधायक के निर्देशानुसार ठंड से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत पावर हाउस चौराहा सहित क्षेत्र के कई प्रमुख चौराहों पर नगर निगम के माध्यम से अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है, ताकि राहगीरों एवं जरूरतमंदों को ठंड से बचाया जा सके।क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यों से समाज के कमजोर वर्ग को संबल मिलता है और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता स्पष्ट होती है।
सुलतानपुर में तैनात खान निरीक्षक पंकज कुमार निलम्बित
लखनऊ. जनपद सुल्तानपुर में तैनात खान निरीक्षक पंकज कुमार को अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही व उदासीनता बरते जाने तथा अवैध खनन व अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखे जाने में विफल होने के दृष्टिगत सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेन्स की नीति के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए मुख्यालय लखनऊ सम्बद्ध कर दिया गया है।
यह जानकारी देते हुये सचिव व निदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग माला श्रीवास्तव ने बताया अवैध खनन व अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने के बहुत सख्त निर्देश विभाग के सभी अधिकारियो व कर्मचारियों को दिये गये हैं और कहीं भी किसी भी स्तर पर कोई विभागीय अधिकारी/ कर्मचारी उप खनिजों के अवैध खनन या अवैध परिवहन मे संलिप्त पाया गया तो उसके विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।



