दबंगों ने लाठी-डंडों से किया हमला: चार नामजद

खेत पर कब्जा रोकने के विरोध पर किया हमला

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जलपोखरा में खेत पर कब्जे का विरोध करने पर चार लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में किसान, उसकी पत्नी, बेटा और भतीजा घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी रमेश चंद्र पुत्र राधेश्याम ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि दो नवंबर की सुबह करीब सात बजे वह घर से खेत पर गया था। वहां गांव के ही जयवीर सिंह पुत्र रामनाथ, विपिन कुमार पुत्र उपदेश कुमार, अवनीश कुमार पुत्र तहसीलदार और सत्यवीर पुत्र रामनाथ खेत पर कब्जा कर रहे थे।

रमेश चंद्र ने इसका विरोध किया तो चारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचाव में पहुंची पत्नी रूबी देवी, बेटे दीपक और भतीजे रवि पुत्र विनोद कुमार को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए सभी को चोटें पहुंचाईं।

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित ने थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी कमल भाटी के निर्देश पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button