बाइक डिवाइडर से टकराई महिला समेत दो घायल

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार छिबरामऊ कन्नौज निवासी सराय भूपत स्थित नटों के डेरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि मलाजनी के समीप राजमार्ग पर एक होटल के सामने उनकी मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे भैया लाल पुत्र मेघ सिंह के साथ में बैठी महिला रेशमा देवी पत्नी हनी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी पहुंचाया जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
घर के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग से दहशत, फायरिंग सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद:पुलिस जांच में जुटी
जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला छंद में सोमवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक अज्ञात कार सवार दबंगों ने एक घर के बाहर खड़ी कार पर फायर कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी खंगाल कर फायरिंग करने वालों की तलाश कर रही है।नगला छंद गाँव निवासी पीड़ित वेदपाल सिंह ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि रात में करीब 12 बजे कुछ युवक कार में सवार होकर उनके घर के बाहर पहुंचे और खड़ी कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सहम गए।
गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर थाना पुलिस को दी है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध कार सवार युवक कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।




