मऊ में अमर शहीद राजा जयलाल सिंह को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, गोफा ग्राउंड में गरजी रैली

मऊ। आजादी की पहली लड़ाई के महान नायक राजा जयलाल सिंह के 168वें शहादत दिवस पर मऊ का अमिला गोफा ग्राउंड आज देशभक्ति के रंगों और नारों से गूंज उठा। इस मौके पर आयोजित विशाल रैली और श्रद्धांजलि सभा में भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जुटे। सभी ने अमर शहीद की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम के आयोजक रामरतन सिंह पटेल रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजमंगल यादव ने की। रैली में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों ने जिस मजबूत, न्यायपूर्ण और लोकतांत्रिक भारत का सपना देखा था, उस पर आज संकट के बादल हैं। लोकतंत्र और संविधान को बचाए रखना ही आज शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अजय राय ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हर मोड़ पर जनता के हक और संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ती रहेगी।
रैली को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक दत्त ने कहा कि राजा जयलाल सिंह का जीवन हमें सिखाता है कि जुल्म और अत्याचार के आगे कभी सिर नहीं झुकाना चाहिए। आज देश के युवाओं को हमारे शहीदों के इतिहास से सीख लेने की जरूरत है, ताकि वे देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को और मजबूत बना सकें। वहीं, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष केशवचंद्र यादव ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि शहीदों की शहादत तभी सार्थक होगी जब आज की युवा पीढ़ी सामाजिक न्याय, भाईचारे और लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने आए हुए सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता का धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि शहादत दिवस सिर्फ एक रस्म निभाने का दिन नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति अपने संकल्पों को दोहराने का अवसर है। इस श्रद्धांजलि सभा और रैली में ओमप्रकाश ठाकुर, उदय प्रताप राय, इंजीनियर रमेश यादव, सीताराम यादव, मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान, अमरेशचंद्र पांडेय, अमिताभ यादव, फहद कादिर, महक पांडेय, प्रेमशीला और आफताब सिद्दीकी समेत कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



