गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज में भावनाओं, संस्कारों और सपनों की विदाई उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ीं छात्राएं, यादगार बना शुभाशीष समारोह

परवेज आलम

लखीमपुर खीरी। गुरुनानक विद्यक सभा कन्या इंटर कॉलेज का प्रांगण उस समय भावनाओं, संस्कारों और उज्ज्वल भविष्य की आशाओं से सराबोर हो उठा, जब इंटरमीडिएट कक्षा की छात्राओं के लिए शुभाशीष विदाई समारोह भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह अवसर केवल विदाई का नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, उद्देश्य और दायित्वबोध को आत्मसात करने का प्रेरक उत्सव बन गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रबंधक सरदार सेवक सिंह अजमानी, प्रधानाचार्य डॉ. मीनाक्षी तिवारी, उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह चावला, सरदार अमरजीत सिंह अजमानी, सरदार गुरुनाम सिंह तथा सामाजिक कार्यकर्ता राजेश दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर ज्ञान-ज्योति को प्रखर किया।भावपूर्ण विदाई गीतों, मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और थिरकते कदमों ने वातावरण को उल्लास और आत्मीयता से भर दिया। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं इतिहास प्रवक्ता बबली की सुरमई प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया।इस अवसर पर “शिक्षार्थ आए, सेवार्थ जाएं” की भावना साकार होती प्रतीत हुई।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा केवल सफलता की सीढ़ी नहीं, बल्कि मानव जीवन को सार्थक बनाने का शाश्वत साधन है। जीवन का लक्ष्य केवल उपलब्धियां नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना भी है।उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे सफलता की दौड़ में संवेदनशीलता, संस्कार और मानवीय मूल्यों को कभी न भूलें।कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन ऐश्वर्या श्रीवास्तव एवं राहुल मिश्रा ने किया। समारोह में शिव शंकर अवस्थी सहित शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।अंत में प्रधानाचार्या डॉ. मीनाक्षी तिवारी ने सभी अतिथियों व सहभागियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button