ससुराल नहीं जाने पर भाई-बहन में विवाद
विवाहित बहन को भाई ने लाठी-डंडों से पीटा

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला तौर में रविवार रात ससुराल में नहीं जाने को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने अपनी विवाहिता बहन की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थानाध्यक्ष कृपाल सिंह के अनुसार, गांव नगला तौर निवासी 30 वर्षीय रिंकी पुत्री स्वर्गीय महेंद्र पाल का अपने भाई से ससुराल नहीं जाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि भाई ने रिंकी की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।घटना की सूचना रिंकी ने डायल 112 पर दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस के साथ थानाध्यक्ष कृपाल सिंह एवं उपनिरीक्षक जसवंत सिंह महिला आरक्षी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल अवस्था में पड़ी रिंकी को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।सीएचसी पर तैनात डॉ. वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि महिला के हाथ, पैर, घुटनों, कुहनियों समेत शरीर पर चोटों के गहरे निशान पाए गए हैं। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



