खेत में दौड़ाए गए करंट से किसान की मौत

मक्का के खेत में दौड़ाए गए करंट की चपेट से शौच को गए किसान की तार में उलझ कर हुई मौत

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के नगला रामसुन्दर गांव में मक्का के खेत की रखवाली के लिए लगाए गए विजली करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। गुरुवार तड़के शौच के लिए खेतों की ओर जाते समय किसान का पैर खेत के चारों ओर खींचे गए तारों में उलझ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार नगला रामसुन्दर निवासी 53 वर्षीय राजीव कुमार सिंह पुत्र स्व. दुलारे सिंह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से खेतों की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक किसान ने जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए अपने मक्का के खेत के चारों ओर बिजली का करंट दौड़ा रखा था। इसी दौरान राजीव कुमार सिंह का पैर खेत के पास खींचे गए तारों में उलझ गया और करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े।

मृतक के परिजन कृष्णपाल सिंह ने बताया कि जब काफी देर तक राजीव घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पर पहुंचने पर देखा कि वह जमीन पर पड़े हुए थे और उनके पैर तारों में उलझे थे। पास में पानी की बोतल भी पड़ी थी। तब तक बिजली की आपूर्ति बंद हो चुकी थी। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉ.वीरेंद्र सिंह ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पत्नी शशि प्रभा बच्चों की पढ़ाई के लिए दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करती हैं। घटना के समय वह दिल्ली में थीं। सूचना मिलते ही वह बच्चों के साथ गांव के लिए रवाना हो गईं। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

करंट से मौत के बाद प्रशासन सख्त

मक्का के खेत का निरीक्षण कर ग्रामीणों को तारबंदी न करने की अधिकारियों ने चेतावनी दी है। बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला रामसुन्दर में खेत पर तारबंदी के दौरान करंट लगने से किसान राजीव कुमार की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

नायब तहसीलदार नेहा सचान,बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह व क्षेत्रीय लेखपाल गीता देवी ने मक्का के खेत पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को एकत्रित कर खेतों की रखवाली के लिए बिजली के करंट वाली तारबंदी नहीं करने की हिदायत दी।

अधिकारियों ने कहा कि खेतों में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित कर तारबंदी करना जानलेवा होने के साथ ही दंडनीय अपराध भी है। यदि भविष्य में किसी किसान द्वारा खेतों में करंट युक्त तार लगाए जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button