जनगणना कर्मियों को 15 बैचों में मिल रहा प्रशिक्षण

26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलेगा प्रशिक्षण अभियान

भरथना,इटावा। जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर तहसील प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत रणवीर नीलम डिग्री कॉलेज में जनगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया जा रहा है। प्रशिक्षण अभियान में करीब 735 कार्मिकों को 15 बैचों में बांटकर फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया,सूचनाओं के सही संकलन, प्रपत्रों में आंकड़ों की शुद्धता और डिजिटल माध्यम से कार्य करने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही जनगणना के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से समझाया जा रहा है।

चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार हर्ष निशांत ने बताया कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्मिक की जिम्मेदारी है कि वह पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ सूचनाओं का संकलन करे। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को त्रुटिरहित और निर्धारित समयसीमा में पूरा कराना है।

उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी एवं उप जिला जनगणना अधिकारी काव्या सी.के पर्यवेक्षण में 26 अक्टूबर से 6 नवंबर तक प्रशिक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी 15 बैचों के माध्यम से कार्मिकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ जनगणना का कार्य संपन्न करा सकें। तहसील प्रशासन की ओर से प्रशिक्षण व्यवस्था और कार्मिकों के मार्गदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,ताकि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी शुद्धता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button