मोहम्मदाबाद तहसील में हिंदू जागरण समिति का जोरदार प्रदर्शन

मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद तहसील परिसर में शुक्रवार को हिंदू जागरण समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला प्रवक्ता वीरेंद्र पासी और प्रांत मंत्री रवि गुप्ता के नेतृत्व में निकले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन आर-पार का आंदोलन करने को बाध्य होगा।

इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी के रीडर को एक ज्ञापन सौंपकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और आम जनता की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

हिंदू जागरण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि मोहम्मदाबाद तहसील रिश्वतखोरी और कमीशनखोरी का अड्डा बन चुकी है। राजस्व कर्मचारियों की मनमानी से जनता त्रस्त है और आम आदमी को बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं मिल रहा।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र बेलगाम हो गया है और जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। यह स्थिति लोकतंत्र और न्याय की भावना का अपमान है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने कहा कि तहसील प्रशासन जानबूझकर मामलों को लटकाता है, जिससे गरीब और किसान वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। प्रांत मंत्री रवि गुप्ता ने इसे जनता की पीड़ा की अभिव्यक्ति बताया और कहा कि यदि अब भी सुधार नहीं हुआ तो हिंदू जागरण समिति सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

जिलाध्यक्ष मनीष सिंह ने कहा कि किसान, मजदूर और गरीब वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है। न्याय और पारदर्शिता की जगह अन्याय और मनमानी का बोलबाला है। इससे जनता में आक्रोश और असंतोष बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।

यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष आर्यन सिंह ने ऐलान किया कि संगठन के कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार का संघर्ष करेंगे और मनमानी करने वाले अधिकारियों को जवाब देंगे।
इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ-साथ महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। महिलाओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की और कहा कि अब चुप्पी तोड़कर जनता को संगठित होकर संघर्ष करना होगा।

कार्यक्रम में रवि सैनी, संजीव कुमार, सुनील राजभर, विजय कुमार गुप्ता, चंदन सोनकर, कृष्णा गॉड, गोविंद खरवार, बृजेश राजभर, रवि चौहान, रामबचन चौहान, सूर्यबली, शंभू, चंद्रशेखर, देवमुनि चौहान, पुजारी चौहान, अर्जुन कुमार, आनंद कुमार, दुर्गेश कश्यप, गीता चौहान, फूलमती देवी, उषा देवी, तारा देवी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान समिति के नेताओं ने साफ कहा कि यदि जनता की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button