गूंजे ‘अच्युतम केशवम’,‘यशोमती मैया’
कोतवाली में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

भरथना,इटावा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर भरथना थाना परिसर शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के सुमधुर भजनों की स्वर लहरियों से पूरा थाना परिसर गूंज उठा। ‘अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम’ और ‘यशोमती मैया से बोले नंदलाला’ जैसे भजनों पर मौजूद पुलिसकर्मी भी भक्तिभाव में सराबोर नजर आए।
थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने अपनी पत्नी के साथ विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन कर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई और क्षेत्र में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की विशेष झांकी सजाई गई, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रही। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी सजावट और फूलों से सजी झांकी ने थाना परिसर की शोभा बढ़ा दी। जन्माष्टमी को लेकर थाना परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दौरान भक्ति गीतों और मंत्रोच्चारण से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। हवन-पूजन के बाद प्रसाद वितरण भी किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी का पर्व प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है।
इस अवसर पर अपराध निरीक्षक अरिमर्दन सिंह, उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, नितिन कुमार, देवेंद्र सिंह, तन्मय चौधरी, गीता देवी, राम सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया और एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।



