यमुना नदी में डूबे व्यक्ति का शव बरामद
मछली पकड़ते समय मगरमच्छ के खींचने की जताई गई थी आशंका

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के कचौरा घाट पुल के पास सुबह मछली पकड़ते समय एक व्यक्ति यमुना नदी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर टीम ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव नदी से बरामद कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार कप्तान सिंह 50 वर्ष पुत्र झम्मन सिंह निवासी कीरतपुर थाना बलरई बुधवार सुबह करीब 9 बजे मछली पकड़ने के लिए यमुना नदी किनारे पहुंचे थे। उसी दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में जा गिरे और डूब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफ़वाह फैली कि कप्तान सिंह को मगरमच्छ खींच ले गया, परंतु शव मिलने और शरीर पर किसी भी जानवर के निशान न मिलने से यह आशंका निराधार साबित हुई।
थाना प्रभारी दिवाकर प्रसाद सरोज ने बताया कि शव को यमुना नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है और नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।



