कचहरी में एसी के कॉपर पाइप चोरी करने वाला 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा, कई दिनों से रात में कर रहा था चोरी

गाजियाबाद। राजनगर स्थित सिविल कोर्ट परिसर में लगे एयर कंडीशनर (एसी) के कॉपर पाइप काटकर चोरी करने के मामले में कविनगर पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिव्यांश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए कॉपर पाइप के टुकड़े बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पिछले कई दिनों से रात के समय कचहरी परिसर में चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को डीएम चैंबर्स निगरानी एवं मेंटेनेंस कमेटी, न्यू बिल्डिंग सिविल कोर्ट कंपाउंड, राजनगर के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार एडवोकेट ने थाना कविनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि चैंबर नंबर-22 में लगे एसी के कॉपर पाइप काटकर चोरी कर लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने 8 अक्टूबर 2026 को कचहरी चौकी क्षेत्र में बिजलीघर के सामने से दिव्यांश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पटेल नगर, पुराना बस अड्डा के पास, थाना सिहानी गेट क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पाइप के टुकड़े बेचने की तैयारी में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात के समय कचहरी परिसर में लगे एसी के कॉपर पाइप काटकर चोरी करता था। उसने चोरी किए गए पाइप के टुकड़े इकट्ठा कर रखे थे और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहा था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।



