भाविप समर्पण का दायित्व ग्रहण समारोह सम्पन्न

जसवंतनगर,इटावा। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा जसवंतनगर का दायित्व ग्रहण समारोह एक मैरिज होम में अत्यंत उत्साह,उल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में परिषद की शाखा के नवगठित पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का दायित्व ग्रहण किया। समारोह का शुभारंभ भारत माता, स्वामी विवेकानंद और परिषद ध्वज के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् गान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में शपथ अधिकारी हरिदत्त दीक्षित ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को सेवा,संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता,शाखा सचिव गुंजन सक्सेना,शाखा वित्त सचिव गौरव बाबू,शाखा संगठन मंत्री सौरभ वर्मा तथा शाखा महिला प्रभारी अंजू सोनी ने परिषद की मर्यादा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ दायित्व निभाने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रांतीय अध्यक्ष इंद्र नारायण पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक संस्कार निर्माण अभियान है, जिसका उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय एकता,सांस्कृतिक चेतना और सेवा की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने नवदायित्वधारियों को बधाई देते हुए कहा कि समर्पण शाखा ने सदैव समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
विशिष्ट अतिथि पूर्व अध्यक्ष रमेश मेहरोत्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि परिषद की शक्ति उसके सदस्यों की एकजुटता और समाज के प्रति समर्पण में निहित है। उन्होंने कहा कि परिषद की हर शाखा को स्थानीय स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य,पर्यावरण और सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन शाखा के ऊर्जावान सदस्य एवं पूर्व प्रांतीय पदाधिकारी उमाकांत श्रीवास्तव ने अपनी प्रभावी शैली में किया।
समारोह में तीन नए सदस्यों ने भी परिषद की सदस्यता ग्रहण की, जिनका उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वागत किया।
समारोह में बड़ी संख्या में सदस्यगण,महिला शक्ति और समाजसेवीगण उपस्थित रहे। सभी ने नवदायित्वधारियों को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि समर्पण शाखा जसवंतनगर इस वर्ष भी सेवा,संस्कार और राष्ट्रभक्ति के कार्यों से प्रांत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखेगी। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गीत के साथ समारोह का समापन हुआ।



