व्यापारी पर हमला में दो दबंग गिरफ्तार: भेजे जेल
ऊसराहार में भागवत के भंडारा भोज में सर्राफा व्यापारी पर हुआ था हमला

ऊसराहार,इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खांड़े में आयोजित भागवत कथा के भंडारे में गए सर्राफा व्यापारी गौरव कुमार पर हमला करने और उनकी कार के शीशे तोड़ने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद की वजह कार पर लगा धार्मिक झंडा और राजनीतिक पहचान को लेकर गिरफ्तार आरोपी अभिषेक पुत्र जन सिंह और अवनीश पुत्र सतवीर सिंह (निवासी नगला खड़े) ने हमला किया था।
पुलिस की कार्यवाही में थानाध्यक्ष बलराज सिंह भाटी ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा तीन सौ बावन (अपमान कर शांति भंग करना), धारा तीन सौ इक्यावन-3 (जान से मारने की धमकी) और धारा तीन सौ चौबीस-4 (संपत्ति को नुकसान) के तहत कार्यवाही की गई है।
दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मा. न्यायालय भेजा गया,जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। व्यापार मंडल ने पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही पर संतोष जताया है।
ऑटो की टक्कर से दूधिया गंभीर घायल, दो सौ लीटर दूध सड़क पर बर्बाद
जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के गांव नगला विशुन में देर रात तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक सवार दूधिया को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर लदा करीब 200 लीटर दूध सड़क पर फैल गया, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव नगला महासुख निवासी 26 वर्षीय रवि पुत्र महावीर के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पीआरवी और बलरई पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए परिजनों ने उसे आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के भांजे अंकित ने बताया कि रवि को सिर में गंभीर चोट आई है, सिर में खून जमा है और नाक में फ्रैक्चर के साथ शरीर में कई अन्य चोटें हैं। परिजनों का आरोप है कि ऑटो चालक शराब के नशे में था और उसी की लापरवाही से यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ओटो और टूटी हुई मोटरसाइकिल पुलिस की अभिरक्षा में थाना परिसर में खड़ी हुई है।



