अवधी गायक संजय यदुवंशी को हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत

अधिवक्ता भानु प्रताप यादव ने बताया आरोपपत्र दाखिल होने तक गिरफ्तारी पर लगी रोक

सुल्तानपुर। चर्चित अवधी लोकगायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी को माननीय उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच से बड़ी कानूनी राहत मिली है। अदालत ने आज उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल होने तक उनकी अग्रिम जमानत मंजूर कर ली है।

इस आदेश के बाद अब जांच पूरी होने तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई है।संजय यदुवंशी के अधिवक्ता भानु प्रताप यादव ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि माननीय न्यायालय ने सभी तथ्यों को सुनने के बाद यह राहत प्रदान की है।यह पूरा मामला सितंबर 2026 में सुल्तानपुर के अमहट चौराहा (कोतवाली नगर क्षेत्र) पर हुई मारपीट और जानलेवा हमले के आरोपों से जुड़ा है। इस घटना को लेकर तुराबखानी निवासी एक युवक पर हमले के आरोप में संजय यदुवंशी, उनके भाई शिवा यादव और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मामले में पुलिस की दबिश और कार्रवाई को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। अक्टूबर महीने में सुल्तानपुर जिला न्यायालय (सेशन कोर्ट) से संजय यदुवंशी को पहले अंतरिम राहत मिली थी, लेकिन बाद में 13 अक्टूबर को एडीजे प्रथम की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

निचली अदालत से याचिका खारिज होने के बाद उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। इसके बाद अधिवक्ता भानु प्रताप यादव के माध्यम से हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में अग्रिम जमानत के लिए गुहार लगाई गई थी, जिस पर आज सुनवाई करते हुए कोर्ट ने उन्हें बड़ी राहत दे दी।

Related Articles

Back to top button