दुहाई-गाजियाबाद जीटी रोड पर गड्ढों से हादसों का खतरा, गोपाल अग्रवाल ने सांसद अतुल गर्ग को लिखा पत्र
सड़क की बदहाल स्थिति पर जताई चिंता, जल्द मरम्मत कराने की मांग

गाजियाबाद। दुहाई और गाजियाबाद के बीच जीटी रोड पर सड़क की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर भाजपा के पूर्व महानगर महामंत्री गोपाल अग्रवाल ने सांसद अतुल गर्ग को पत्र लिखकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
26 अक्टूबर को लिखे पत्र में गोपाल अग्रवाल ने बताया कि दुहाई और गाजियाबाद के बीच जीटी रोड पर मनन धाम के सामने तथा एक स्कूल के सामने सड़क की हालत काफी खराब है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति जोखिम भरी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि जीटी रोड एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
गोपाल अग्रवाल ने सांसद अतुल गर्ग से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क दुरुस्त होने से राहगीरों को राहत मिलेगी और संभावित हादसों को रोकने में भी मदद मिलेगी।


