फार्मर रजिस्ट्री में नाम दर्ज तो ही भावुक हुईं अम्मा
महिला किसान ने नायब तहसीलदार को गले लगाकर जताया स्नेह

जसवंतनगर,इटावा। किसान फार्मर रजिस्ट्री में नाम दर्ज कराने को लेकर काफी समय से परेशान चल रहीं ग्राम हरकुपुर निवासी विधवा बुजुर्ग शशिप्रभा पत्नी स्वर्गीय राजाराम लोधी का कार्य समय पर पूरा हुआ तो वह खुशी जाहिर करने नायब तहसीलदार नेहा सचान से मिलने पहुंचीं। भावुक हुईं शशिप्रभा ने नायब तहसीलदार को गले लगाकर स्नेह जताया और खुशी में 100 रुपये देने का प्रयास किया।
बताया गया कि शशिप्रभा किसान फार्मर रजिस्ट्री में अपना नाम दर्ज कराने के लिए काफी समय से परेशान थीं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह नायब तहसीलदार नेहा सचान के कक्ष में पहुंचीं। अपना काम पूरा होने की जानकारी मिलते ही वह भावुक हो गईं और उन्होंने नायब तहसीलदार को गले लगाकर आशीर्वाद दिया।
इसके बाद बुजुर्ग महिला ने खुशी में 100 रुपये बख्शीश के रूप में देने की कोशिश की। नायब तहसीलदार ने रुपये लेने से विनम्रता से इनकार करते हुए कहा, “अम्मा, मुझे सिर्फ आपका आशीर्वाद चाहिए।” यह सुनकर शशिप्रभा और भावुक हो गईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने भी नायब तहसीलदार के इस व्यवहार की सराहना की। महिला ने समय पर अपना कार्य पूरा होने पर प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार जताया।



