औरैया पहुंचे अखिलेश यादव, सरकार पर बरसे; एक्सप्रेसवे को लेकर लगाए गंभीर आरोप

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव ने रविवार को औरैया जिले के दिबियापुर रोड स्थित बेला क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सहारनपुर में हुई हालिया घटना का जिक्र करते हुए बड़ा बयान दिया।

पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि कोई भी सच्चा सनातनी, एक सच्चा संत या फिर सच्चा हिंदू कभी भी किसी दूसरे व्यक्ति का अपमान नहीं कर सकता और न ही कभी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा का विषय बन गया है, जिस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल, अव्यवस्था देख कुछ देर के लिए लौटे वापस

अखिलेश यादव रविवार दोपहर करीब पौने तीन बजे श्रीवाटिका गेस्ट हाउस पहुंचे थे, जहां वे सपा नेता गौरव रघुवंशी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने आए थे। हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर भारी अव्यवस्था और कुप्रबंधन को देखकर वे शुरुआती पांच मिनट में ही वहां से रवाना हो गए थे। लेकिन कुछ देर बाद वे दोबारा लौटे और वहां मौजूद सभी लोगों व शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के तमाम स्थानीय कार्यकर्ता और नेता भी मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक व्यक्त किया।

एक्सप्रेसवे के निर्माण और महंगाई पर सरकार को घेरा

पत्रकारों से बात करते हुए सपा प्रमुख ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर तीखे हमले किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि जब पीएम विदेश जाते हैं तो पूरी धरती को परिवार बताते हैं, लेकिन स्वदेश लौटकर इन बातों को भूल जाते हैं। प्रदेश की सड़कों और एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता को सलाह दी जाती है कि अगर मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से भूलकर भी मत जाना, क्योंकि इन प्रोजेक्ट्स के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये की लूट मचाई जा रही है।

NDA का ऑफर ठुकराने के बाद अब अखिलेश से मिले सीजेपी नेता, यूपी चुनाव से पहले बड़ा सियासी खेल?

उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और गोरखपुर फोरलेन का हवाला देते हुए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि हर तरफ सिर्फ अपनी जेबें भरी जा रही हैं।

बेरोजगारी, जीडीपी और पुलिसिया कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश में पेट्रोल में मिलावट की जा रही है और जीडीपी की हालत ऐसी हो चुकी है कि कहीं वह शून्य पर न पहुंच जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सड़क निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि बिधूना मार्ग के फोरलेन का काम आज तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि थानों और चौकियों पर खुलेआम अन्याय हो रहा है और जैसे ही अधिकारियों की ‘हथेली गर्म’ होती है, उनका रवैया नरम पड़ जाता है। शाम को करीब सवा चार बजे वे अपने काफिले के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

Related Articles

Back to top button