जय-जयकारों से गूंजा पंडाल: भजनों पर झूमे श्रद्धालु

जगराते में आकर्षक अदभुद झांकियों ने दर्शकों का मनमोह लिया

जसवंतनगर,इटावा। नगर के मोहल्ला कटरा पुख्ता स्थित श्री नृसिंह मंदिर परिसर में शनिवार रात भक्तिमय माहौल रहा। श्री नृसिंह मंदिर सेवा समिति की ओर से आयोजित देवी जागरण में माता का भव्य दरबार सजाया गया। रात बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया और मंदिर परिसर माता के जयकारों व भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

रात नौ बजे शुरू हुए जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। माता के दर्शन के बाद श्रद्धालु भजनों में लीन हो गए। देर रात तक पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

आगरा से आईं भजन गायिका प्रीति गुप्ता ने जैसे ही माता के भजन प्रस्तुत किए,श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। वहीं टी-सीरीज गायक राम अवतार शर्मा समेत अन्य भजन गायकों और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।

जागरण में संगीत का भी शानदार संगम देखने को मिला। विशाल मिश्रा के म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कानपुर के सेक्सोफोन वादक राकेश शर्मा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं की खूब वाहवाही लूटी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण देवी स्वरूपों की मनमोहक और सजीव झांकियां रहीं। झांकियां शुरू होते ही श्रद्धालु खड़े होकर दर्शन करने लगे और पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। दीपों की रोशनी,फूलों से सजा माता का दरबार और भजनों की मधुर धुन ने वातावरण को और भी अलौकिक बना दिया। सुबह तक चले जागरण में श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में समिति के गोविंद गुप्ता,नितिन गुप्ता, गोपाल गुप्ता,अनमोल गुप्ता,मनीष गुप्ता,शुभ श्रीवास्तव,बाबू गुप्ता, हिमांशु गुप्ता,सुमित गुप्ता,अनमोल दीक्षित और यश यादव समेत अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। समिति ने कलाकारों,श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार जताया।

Related Articles

Back to top button