ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल
नगला इच्छा में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम नगला इन्छा में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, वहीं नालियां गंदगी से पटी होने के कारण पानी की निकासी भी प्रभावित हो रही है।
लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने से गलियों में गंदगी का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीण रमेश,सुरेश और महेश ने बताया कि गांव में काफी समय से सफाई नहीं कराई गई है। जगह-जगह कूड़ा जमा होने और नालियों में गंदगी भरी होने से आवागमन में भी परेशानी होती है। इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। नियमित सफाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से विशेष सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने और कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए सफाई कर्मचारियों की टीम गठित की जाएगी। टीम भेजकर कूड़े के ढेर हटवाए जाएंगे और नालियों की सफाई कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।



