जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय एवं सहायक श्रमायुक्त कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं स्वच्छकार का एक दिन का वेतन रोकने के दिए निर्देश।

जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र द्वारा कल दिनांक 10.11.2025 को प्रातः 10:00 बजे जिला महिला चिकित्सालय एवं 10:30 बजे सहायक श्रमायुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। जिला महिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई।
जिसमें ममता स्टाफ नर्स, डॉक्टर निधि वर्मा पैथोलॉजिस्ट, एनएचएम कार्मिकों में राघवेंद्र राय स्टाफ नर्स, रोजी स्टाफ नर्स, सुनीता तिवारी स्टाफ नर्स, ओम पुष्पा स्टाफ नर्स, नीलम कुमारी स्टाफ नर्स तथा आउटसोर्सिंग कार्मिकों में पुष्पा एएनएम, पूजा सिंह डाटा ऑपरेटर, गौतम गार्ड, बंदना स्वीपर, संध्या सिंह डाटा ऑपरेटर बिना अवकाश के अनुपस्थित पाए गए।जिलाधिकारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को सभी अनुपस्थित कार्मिकों का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के सख्त निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी द्वारा जिला महिला अस्पताल के परिसर में ए.एन.सी. कक्ष का निरीक्षण किया गया जो अत्यंत जर्जर अवस्था में है। जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए जर्जर भवन को ठीक कराने हेतु अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को दिया गया।
इसके अलावा उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर की साफ सफाई करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को भवन के बाहर साफ सफाई करने एवं बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने तथा नियमित अंतराल पर साफ सफाई सुनिश्चित करने एवं कूड़ेदान का प्रयोग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर में चार से पांच एम्बुलेंस जर्जर अवस्था में खड़ी पाई गई पूछताछ करने पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जाने पर इस संबंध में अद्यतन स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय के निरीक्षण के दौरान सहायक श्रमायुक्त प्रभात कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी लईक अहमद एवं स्वच्छकार विशाल द्वारा बिना किसी सूचना के कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए। जिस पर जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी एवं स्वच्छकार को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए एवं इसके अलावा इनका एक दिन का वेतन रोकने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा कार्यालय में विशेष साफ सफाई रखने एवं सभी स्टाफ को समय से कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्यवाही की चेतावनी भी दी।



