मक्का-मदीना से रमजान की इबादत हज कर लौटे मां-बेटे
सकुशल हिंदुस्तान लौटने पर हिन्दू भाइयों ने पुष्पों की बारिश कर किया भव्य स्वागत

भरथना। भरथना कस्बा के मोहल्ला बाजपेई नगर की रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी अफसाना बेगम और उनके बड़े बेटे जावेद खान उर्फ रिंकू रमजान का पूरा महीना सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का-मदीना में इबादत हज और जियारत करने के बाद ईद-उल-फितर मनाकर अपने देश हिंदुस्तान घर लौट आए हैं। उनके हिंदुस्तान पहुंचने पर रिश्तेदार और परिजनों के साथ दर्जनों हिंदू भाइयों ने पुष्पों की बारिश कर और फूल मालाएं पहना कर उनका जोरदार स्वागत सम्मान किया है।
बताया गया कि अफसाना बेगम अपने बेटे रिंकू के साथ रमजान शुरू होने से पहले ही आरव देश के मक्का-मदीना के लिए रवाना हुए थे। वहां उन्होंने पूरे रमजान महीने इबादत की और मदीना शरीफ में जियारत कर अपने देश वतन और दुनिया में अमन-चैन के साथ खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी।
उन्होंने बताया कि ईद-उल-फितर का त्योहार मक्का-मदीना में मनाने के बाद जब वे मां-बेटे भरथना लौटे तो बाजपेई नगर में खुशी का माहौल बन गया। मोहल्ले के दर्जनों हिंदू भाइयों ने उनके रिश्तेदार, परिजनों के साथ उनका पुष्प वर्षा कर और फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत सम्मान कर खुशी जाहिर की।
अफसाना बेगम ने बताया कि पवित्र स्थलों पर रमजान का पूरा महीना बिताना उनके जीवन का बेहद खास और यादगार अनुभव रहा। इस दौरान उन्होंने सभी की सलामती और खुशहाली के लिए भी दुआ की।
इस मौके पर बड़ी संख्या में परिजन रिश्तेदारों के साथ दर्जनों हिंदू-मुस्लिम भाई मौजूद रहे।



