एक्ट्रेस ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पार्टनर को मार डाला, 12 दिन बाद खुली पोल
actress killed partner: बेंगलुरु के मंजूनाथ नगर इलाके में एक्ट्रेस उर्मिला उर्फ बिंदु ने एक चौंकाने वाली हरकत की है। ‘लव ट्राएंगल’ से हुए इस मामले में एक्ट्रेस ने अपने लिव-इन पार्टनर से शादी करने के बजाय किसी और से शादी करने का फैसला किया और अपने पार्टनर की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में उर्मिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मरने वाले का नाम मोहन राव है और हत्या 18 फरवरी को हुई थी।
उर्मिला उर्फ बिंदु ने ‘बजरंगी’, ‘पुलिस क्वार्टर्स’ और ‘कालभैरव’ जैसी फिल्मों में काम किया है। पुलिस के मुताबिक, बिंदु और उसके बॉयफ्रेंड विनय ने शादी करने का फैसला किया था। जांच अफसरों के मुताबिक, उन दोनों ने बिंदु के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे मोहन राव की हत्या की साजिश रची। इस साजिश के तहत, उस घर में एक पार्टी रखी गई थी जहां बिंदु और मोहन रह रहे थे।
लिव-इन पार्टनर की हत्या
‘द हिंदू’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मोहन राव एक बिज़नेस चला रहा था। पत्नी से अलग होने के बाद वह बिंदु के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बिंदु भी अपने पति के साथ नहीं रहती थी। दो महीने पहले बिंदु और मोहन ने मंजूनाथ नगर में एक घर किराए पर लिया था। एक पार्टी में शराब पीने के बाद मोहन पर उसके घर में हमला करके उसकी हत्या कर दी गई।
विनय ने अपने दोस्त धनुष की मदद से मोहन को चाकू मार दिया। जब मोहन चिल्लाने लगा तो बिंदु ने उसके मुंह और नाक पर टेप लगा दिया और हाथ-पैर बांध दिए। मोहन की दम घुटने और चोटों से मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
डॉक्टर नहीं बनना था तो बेटे ने पिता के कर दिए टुकड़े, उधर दो सगी बेटियों ने क्यों रेत दिया पिता का गला
12 दिन बाद हत्या की गुत्थी सुलझी
12 दिन बाद पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी जिसके बाद उन्होंने पुलिस को बताया। तब जाकर हत्या की गुत्थी सुलझी। पड़ोसियों ने बताया कि घर कई दिनों से बंद था। 28 फरवरी को घर के मालिक नटराज ने बदबू आने पर पुलिस को बताया। जांच के दौरान पुलिस को मोहन की लाश सड़ी-गली हालत में मिली। फिलहाल, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।



