बसंतोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल भंडारा सम्पन्न

खटखटा बाबा की कुटिया पर महंत मोहन गिरी की देखरेख में देर रात तक चला भोज

जसवंतनगर,इटावा। नगर की प्रमुख धार्मिक स्थली खटखटा बाबा की कुटिया पर बसंतोत्सव के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में लगभग पांच हजार साधु-संतों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं का तांता लगा रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।

मंदिर के महंत मोहन गिरी महाराज की देखरेख में देर रात तक चले भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। महंत मोहन गिरी महाराज की ऊर्जा और सेवार्थ को देख मंदिर से जुड़े कार्यकर्ताओं में भी जोश दिखा और सभी भंडारे के समापन तक सुव्यवस्था में लग रहे।

आयोजन स्थल पर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो छोटा कुंभ मेला लगा हो।साधु-संतों को सम्मानपूर्वक भंडारा प्रसाद कराया गया तथा उन्हें कंबल, कमंडल और दक्षिणा भेंट की गई। देर रात तक क्षेत्र ही नहीं दूर दराज के लोग भी प्रसाद ग्रहण करते रहे।

Related Articles

Back to top button