जैव चिकित्सा अनुसंधान-क्लिनिकल ट्रायल को मिलेगी नई गति
यूपीयूएमएस सैफई और सीएसआईआर- सीडीआरआई लखनऊ के बीच ऐतिहासिक समझौता

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई ने जैव चिकित्सा अनुसंधान,क्लिनिकल ट्रायल,औषधि विकास एवं स्वास्थ्य सेवा नवाचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय एवं वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद–केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के मध्य 27 नवंबर 2026 को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एम ओ यू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सी एस आई आर के उपाध्यक्ष डॉ.जितेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस महत्वपूर्ण पहल की परिकल्पना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में की गई। उनके मार्गदर्शन में यूपीयूएमएस को चिकित्सा शिक्षा एवं उपचार के साथ-साथ उच्चस्तरीय अनुसंधान, नवाचार और क्लिनिकल रिसर्च के एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस समझौते के माध्यम से सीएसआईआर- सीडीआरआई की उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान क्षमताओं तथा यूपीयूएमएस की नैदानिक सुविधाओं एवं चिकित्सा विशेषज्ञता का समन्वय होगा। इसके अंतर्गत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं,औषधि खोज एवं विकास,कैंसर, संक्रामक रोगों, चयापचय एवं तंत्रिका संबंधी विकारों तथा क्लिनिकल ट्रायल जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे।
इस अवसर पर सीएसआईआर- सीडीआरआई की निदेशक डॉ.राधा रंगराजन एवं सीएसआईआर-
सीआईएमएपी के निदेशक डॉ.प्रबोध कुमार त्रिवेदी उपस्थित रहे।
सीएसआईआर – सीडीआरआई की ओर से डॉ.नसीम अहमद सिद्दीकी तथा यूपीयूएमएस की ओर से प्रो.डॉ.सविता अग्रवाल एवं डॉ.वेदांत कुलश्रेष्ठ ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इन दोनों अधिकारियों को कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने हेतु नामित किया था।



