गजेंद्र मोक्ष-समुद्र मंथन की कथा सुन श्रद्धालु भावविभोर

श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा ने बांधा समां

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम टकपुरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के दौरान अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकांत जी महाराज ने गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन,भगवान श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा पंडाल भजन-कीर्तन और जयकारों से गुंजायमान रहा।

कथा व्यास ने गजेंद्र मोक्ष प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब गजराज गजेंद्र ग्राह के चंगुल में फंसकर असहाय हो गए, तब उन्होंने सांसारिक सहारे छोड़कर भगवान श्रीहरि की शरण ली। भक्त की पुकार सुनकर भगवान विष्णु ने तत्काल प्रकट होकर गजेंद्र को ग्राह के बंधन से मुक्त कराया। महाराज श्री ने कहा कि भगवान अपने सच्चे भक्तों की पुकार अवश्य सुनते हैं। यह प्रसंग पूर्ण समर्पण और अटूट भक्ति का संदेश देता है।

समुद्र मंथन प्रसंग में देवताओं और असुरों द्वारा किए गए मंथन से निकले चौदह रत्नों का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि मंथन के दौरान निकले हलाहल विष को भगवान शिव ने लोककल्याण के लिए अपने कंठ में धारण कर लिया,जिसके बाद वे नीलकंठ कहलाए। यह प्रसंग त्याग,परोपकार और संसार के कल्याण की भावना की प्रेरणा देता है। समुद्र मंथन की कथा से सीख मिलती है कि धैर्य,परिश्रम और निरंतर प्रयास से जीवन में अमृत रूपी सफलता प्राप्त होती है।

भगवान श्रीराम जन्मोत्सव का वर्णन करते हुए महाराज श्री ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उनका जीवन सत्य, धर्म, त्याग, आदर्श और मर्यादा का प्रतीक है। प्रत्येक मनुष्य को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

वहीं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना और भक्तों की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। द्वापर युग में कंस के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने देवकी की आठवीं संतान के रूप में कारागार में अवतार लिया।

महाराज श्री ने कहा कि भगवान के जन्मोत्सव का वास्तविक उद्देश्य अपने हृदय में प्रेम, करुणा, सत्य, धर्म और भक्ति का संचार करना है। मनुष्य को अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष त्यागकर सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए। श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंगों पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ जयकारे लगाए। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कथा के अंत में महाराज श्री ने श्रद्धालुओं से धर्म, संस्कार, सेवा और सदाचार को जीवन में अपनाने तथा नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी, क्षेत्रवासी और धर्मप्रेमी श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button