दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला: रिपोर्ट दर्ज
अतिरिक्त दहेज में एक लाख की ससुरालीजनों ने उठाई मांग

जसवंतनगर,इटावा। अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने और उसका स्त्रीधन छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पांच ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में सुकन्या यादव पत्नी अनिल यादव ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन इससे संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि वे लगातार अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मायके पक्ष द्वारा मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसके साथ उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, अनिल कुमार पुत्र स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव, राजीव यादव पुत्र स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव, रीता देवी पत्नी राजीव यादव, सुमन देवी पत्नी जयवीर सिंह यादव और मंजू देवी पत्नी रामवीर सिंह यादव ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि करीब दो माह पहले उसे घर से निकाल दिया गया और उसका स्त्रीधन भी छीन लिया गया। साथ ही धमकी दी गई कि एक लाख रुपये लेकर आने पर ही उसे घर में रहने दिया जाएगा।
इस संबंध में थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि पीड़िता के प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



