ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत

साइकिल सवार मजदूरी कर लौट रहा था घर मौत की खबर से मचा कोहराम

जसवंतनगर,इटावा। कचौरा घाट बाईपास कट पर हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार एक मजदूर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार आगरा जनपद की तहसील खैरागढ़ के थाना जगनेर क्षेत्र स्थित ग्राम कासिमपुर निवासी 40 वर्षीय मोमिन पुत्र अस्मत अली नगर क्षेत्र के राजमार्ग किनारे स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। बताया गया कि वह साइकिल से सब्जी लेने के लिए नगर की मंडी जा रहा था। जैसे ही वह तहसील कार्यालय के सामने कचौरा घाट बाईपास कट पर पहुंचा, तभी बाईपास से राजमार्ग की ओर मुड़ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक का अगला पहिया मोमिन के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर ले जाया गया, जहां डॉ. विकास अग्निहोत्री ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

ईंट भट्ठा मालिक सतेंद्र महेरे उर्फ अप्पी ने बताया कि मोमिन पिछले करीब दस वर्षों से अपने परिवार के साथ भट्ठे पर रहकर मजदूरी कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सीएचसी पहुंची मृतक की पत्नी गुड़िया, पुत्र इरफान व छोटू तथा पुत्रियां निशा, गोलू और जीनत का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं मृतक की मां बतसिया बेगम भी बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक व्याप्त है।सीएचसी के मिले मीमो के अनुसार मौके पर पहुँची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा।

Related Articles

Back to top button