अंडरपास में पांच फुट भरा पानी: राहगीर परेशान
दर्जनों गांवों के लोगों का रोजाना होता है आवागमन

जसवंतनगर,इटावा।दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर बलरई रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड में गेट संख्या 38सी पर बने अंडरपास में चार से पांच फुट तक पानी भरा होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण अंडरपास से निकलना मुश्किल हो गया है। गुरुवार को कई बाइक सवार पानी में फंस गए। पानी भरने से उनकी बाइकें खराब हो गईं।
रेलवे लाइन के किनारे स्थित कोऑपरेटिव बैंक से खाद लेने के लिए क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसान इसी अंडरपास से होकर गुजरते हैं। नगला तौर, नगला सलहदी, नगला रामसुंदर, घुराह, जाखन, तिजोरा, नगला विशुन, बाउथ, यादव नगर, तुलसी नगर, खंदिया और फकीरे की मड़ैया समेत कई गांवों के सैकड़ों लोगों का प्रतिदिन यहां से आवागमन होता है। इसके अलावा लोगों को राजमार्ग तक पहुंचने और स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों आशीष, आलोक, राजू, करु,लाला, रंजीत, पप्पू, पुजारी, राजेन्द्र, रिंकू मोहन, दीपक, रवि आदि का कहना है कि अंडरपास में लंबे समय से पानी भरा होने के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। जलनिकासी के लिए अंडरपास पर लिखे गए संपर्क नंबर पर कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलता। इससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन से अंडरपास में भरे पानी की निकासी कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।



