किराया मांगने पर कैब चालक को चाकू से किया घायल
हमलावर दोनों आरोपी चालक को घायल कर भाग निकले

जसवंतनगर,इटावा। किराया मांगने पर उबर कैब चालक पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि घटना नौ अगस्त की रात की है। ग्रेटर नोएडा से इटावा जा रही उबर कैब के चालक पुष्पेंद्र कुमार निवासी रामगंज, मैनपुरी ने धौलपुर खेड़ा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फ्लाईओवर के समीप कैब में सवार दोनों युवकों से किराया मांगा। इसी बात को लेकर दोनों ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि किराया देने से मना करने के बाद दोनों युवकों ने चालक के गले पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से चालक घायल हो गया। इसी दौरान अनियंत्रित कार हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, सोमवार को राजमार्ग पर जमुनाबाग के सामने सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में दो युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान अंजुल यादव और अमित यादव निवासी ग्राम लडपुरा, जिला महोबा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास किराया देने के लिए रुपये नहीं थे। चालक द्वारा बार-बार किराया मांगने पर उन्होंने उस पर हमला कर दिया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शुभम वर्मा द्वारा की जा रही है!



